गुलदार के हमले से भेड़ों की मौत
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर व बिजनौर में गुलदार का आतंक छाया हुआ है। मंगलवार देर रात एक तरफ जहां बिजनौर के एक गांव में गुलदार ने 12 वर्षीय किशोर को निवाला बना लिया, वहीं सहारनपुर के बेहट तहसील क्षेत्र में तकरीबन एक दर्जन से भी ज्यादा भेड़ों पर हमला बोलकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। गुलदार के हमले से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल कर रही है।
जानकारी के अनुसार बेहट तहसील क्षेत्र के गांव हुसैनपुर भरावड़ में मंगलवार देर रात गुलदार ने भेड़ों के बाड़े में घुसकर उनपर हमला बोल दिया। इस हमले में 19 भेड़ो को मौत के घाट उतार दिया, जबकि 6 भेड़ों की हालत गंभीर है। बुधवार सुबह वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। भेड़ों की मौत से उनके पालकों को भारी नुकसान हुआ है। साथ ही ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है।
यह भी पढ़ें: बिजनौर: किशोर को घर से उठाकर ले गया गुलदार, मार डाला, एक साल में आठ की ले चुके हैं जान
बता दें कि पिछले कुछ माह से सहारनपुर बिजनौर में गुलदार लगातार इंसानों व पशुओं को निशाना बना रहे हैं। मंगलवार देर रात बिजनौर में बढ़ापुर क्षेत्र के गांव भोगपुर में गुलदार ने घर में घुसकर एक किशोर पर हमला कर दिया और खींचकर खेत में ले जाकर मार डाला।
गांव वालों ने तलाश की तो किशोर खेत में खून से लथपथ पड़ा मिला। सीएचसी मेें किशोर को मृत घोषित कर दिया। इस घटना गांव में दहशत का माहौल है। वहीं परिजनों में कोहराम मचा है।
पिछले एक साल में बिजनौर जिले में गुलदार के हमले में साल भर में ही आठ लोगों की जान जा चुकी है। नवंबर औ दिसंबर के महीनों में ही गुलदार ने पांच लोगों को मार डाला। आए दिन गांवों में गुलदार देखे जाने से लोगों में दहशत है।