शास्त्री नगर सेक्टर-3 स्थित गुरुद्वारा में गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस सजा कीर्तन दरबार
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। शांति के प्रतीक गुरु अर्जुन देव के शहीदी दिवस के अवसर पर रविवार को शास्त्री नगर सेक्टर-3 स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब में श्रद्धा एवं भक्ति के साथ विशेष दीवान सजाया गया। इस दौरान गुरबाणी कीर्तन, अरदास और लंगर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में भाई गुरमनप्रीत सिंह, भाई हरमनप्रीत सिंह और भाई बलबीर सिंह हजूरी रागी जत्था ने गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत कर संगत को निहाल किया। भाई गुरमनप्रीत सिंह ने तेरा कीया मीठा लागै, भाई हरमनप्रीत सिंह ने कलयुग जहाज अर्जुन गुरु तथा भाई बलबीर सिंह ने कर कृपा तेरे गुण गावां शब्दों का गायन कर श्रद्धालुओं को गुरु की वाणी से जोड़ा।
गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी साहिब ने विश्व कल्याण की अरदास की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सेवादार हरविंदर सिंह दुग्गल, गुरदीप सिंह कालरा, संदीप पाहवा, गुरबचन कालरा, जगदीप अरोड़ा, ओंकार सिंह सलूजा, मनप्रीत सिंह एवं संजय पाहवा रहे।
गुरु अर्जुन देव की शहादत को नमन
गुरुद्वारा सीता माता सदर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर गुरु अर्जुन देव की शहादत को नमन किया गया। गुरु परंपरा अनुसार सोहिला रेहरास साहिब का पाठ हुआ। गुरुद्वारा प्रबंधक अमरजीत सिंह के बाद निष्काम सेवक जत्थे ने शब्द गायन किया। स्त्री सत्संग जत्थे ने शब्द गायन कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। पटियाला से आए अमरजीत सिंह ने शब्द गायन किया। संचालन रणजीत सिंह जस्सल ने किया। इसमें देवेंद्र सिंह, नरेंद्रपाल सिंह, रविंद्र कौर, जसपाल सिंह, करमन जीत सिंह, रावत सिंह, अगम सिंह का सहयोग रहा।