किशोरपुर गांव में निकली गई झांकी में राम लक्ष्मण और हनुमान की पूजा करते ग्राम प्रधान व ग्रामीण
हस्तिनापुर। क्षेत्र के गांव किशोरपुर में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हनुमान जन्मोत्सव के इस आयोजन ने गांव में धार्मिक एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। इस दौरान प्राचीन हनुमान मंदिर से भव्य झांकी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
झांकी पूरे गांव की परिक्रमा करते हुए पुनः मंदिर परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई। जिसमें छोटे बच्चे राम लक्ष्मण और हनुमान के स्वरूप में नजर आए। कार्यक्रम के दौरान मंदिर में बजरंग बली की पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने हनुमान के समक्ष अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। झांकी में भगवान हनुमान के विभिन्न स्वरूपों की आकर्षक झलकियां प्रस्तुत की गईं, जिन्हें देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। हवन में मुख्य यजमान ऋषिपाल मलिक, उनकी पत्नी रविता चौधरी, ग्राम प्रधान ऋतु चौधरी रहे। कार्यक्रम में मंदिर कमेटी के जॉनी, विवेक, नरिंदर गुड्डू, हर्ष, हरीश, भीम, कपिल, सोहनवीर, मोहनवीर, विक्रांत राजसिंह, महेश सैनी, मनीष सैनी आदि ग्रामीण मौजूद रहे।