राज्यपाल के कार्यक्रम के लिए पुलिस बैल तैनात रहा। गांव में मेरठ-बागपत रोड पर हिसावदा बस स्टैंड, कार्यक्रम स्थल, देवास पब्लिक स्कूल, उनकी पैतृक हवेली पर पुलिस तैनात रही। पूरा गांव छावनी बना रहा। गांव में खेकड़ा सिंघावली, चांदीनगर, बालैनी, बिनौली व बागपत क्राइम ब्रांच की टीम सुरक्षा में रही। डीएम शकुंतला गौतम और एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव ने सभा स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था देखी। गांव में जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए थे।
हिसावदा में फूलों की बारिश
गोवा के राज्यपाल के स्वागत में गांव के प्राथमिक स्कूल के बच्चों ने हाथ में तिरंगा लेकर राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। राज्यपाल पर फूलों की वर्षा की गई। गांव के प्रत्येक व्यक्ति में अलग ही उत्साह नजर आया।
पूजन कर किया शूटिंग रेंज का उद्घाटन
सत्यपाल मलिक ने गांव पहुंचने पर सबसे पहले अपने देवता का पूजन किया। इसके उपरांत देवास पब्लिक स्कूल में शूटिंग रेंज का उद्घाटन किया। कार्यक्रम के उपरांत उन्होंने अपनी पैतृक हवेली पर लोगों की समस्याएं सुनी और ग्रामीणों को गोवा आने का न्यौता दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एक हो जाएं। बैंक खुलवाने समेत अन्य समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।
सेनेटाइजर से धुलवाए गए हाथ
कोरोना वायरस की महामारी फैलने के चलते सभा स्थल पर जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति एवं जनप्रतिनिधियों के सेनेटाइजर से हाथ धुलवाए गए।
प्रधानमंत्री की जमकर की तारीफ
सत्यपाल मलिक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के लिए देश सर्वोपरि है। वे प्रत्येक वर्ग के लोगों के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य और देश के विकास के लिए भ्रष्टाचार सबसे बड़ा रोड़ा है। जब तक भ्रष्टाचार का खात्मा नहीं होगा, तब तक विकास संभव नहीं है।