मेरठ। रालोद कार्यकर्ताओं ने प्रदेश और केंद्र सरकार को किसान एवं आम आदमी विरोधी बताते हुए तेल की बढ़ती कीमतों को कम करने की मांग की। उन्होंने चेताया कि किसानों की समस्याओं को जल्द हल नहीं किया तो प्रदर्शन किया जाएगा।
रालोद की हस्तिनापुर क्षेत्र की बैठक का आयोजन बृहस्पतिवार को ऑनलाइन हुआ। इसकी अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष यशवीर सिंह ने की। मुख्य अतिथि प्रभारी पूर्व सांसद मुंशी रामपाल रहे। यशवीर सिंह ने कहा कि पूरी दुनिया में तेल पर इतना टैक्स कहीं नहीं है। जितना भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद लगा दिया। अंतरराष्ट्रीय बाजार से सब खर्चों को लगाकर पंप पर पेट्रोल की कीमत 28.89 रुपये व डीजल की 27.35 रुपये प्रति लीटर है जबकि बाकी सरकार का टैक्स है। अब उद्योगपति की गाड़ी का पेट्रोल सस्ता और किसान के ट्रैक्टर का डीजल महंगा हो गया है। पूर्व सांसद मुंशी रामपाल ने कहा कि कोरोना की वजह से माता-पिता स्कूलों की फीस तक नहीं दे पा रहे हैं। आरबीआई के सर्वे में आम आदमी की इनकम काफी घट गई है। ऐसे में तेल के रिकॉर्ड दाम बढ़ाकर सरकार ने महंगाई बढ़ाने का काम किया है। वहीं, किसानों की फसल के दाम नहीं बढ़ाए हैं, गन्ना मूल्य भुगतान बकाया है। गेहूं खरीद का पैसा किसानों के खाते में नहीं पहुंचा है। ऐसे में डीजल के दाम बढ़ाकर किसान की कमर तोड़ रही है। इन हालात में किसान खेती नहीं कर पाएगा और आम आदमी बर्बाद हो जाएगा। उन्होंने कहा कि रालोद कार्यकर्ता जनविरोधी सरकार की नीतियों का विरोध करेंगे। हर जिले में धरना-प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपेंगे। बैठक में मुख्य रूप से लतेश विधूड़ी हस्तिनापुर जोन युवा अध्यक्ष, राहुल देव जिलाध्यक्ष मेरठ, सुखवीर सिंह गठिना बागपत जिलाध्यक्ष, योगेंद्र चेयरमैन शामली, अजीत राठी मुजफ्फरनगर, राव केसर व सुरेंद्र कालरा सहारनपुर, ओमपाल सिंह व रवींद्र चौहान गाजियाबाद, बिजेंद्र सिंह यादव नोएडा, उदयवीर सिंह हापुड़, आसिफ ग़ाजी बुलंदशहर से मौजूद रहे।