माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। परतापुर औद्योगिक क्षेत्र में अवैध रूप से कीटनाशक बना रही गोपी बायो साइंस को सील कर दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक कंपनी के पास उर्वरक तथा कीटनाशक बनाने का लाइसेंस तो है, लेकिन फैक्टरी द्वारा ऐसे कीटनाशक का निर्माण किया जा रहा था, जिनकी भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा अनुमति प्रदान ही नहीं की गई हैं। ऐसे में कीटनाशक को सील कर फैक्टरी में सील किया गया। जिलाधिकारी से अनुमति प्राप्त कर संबंधित फर्म के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
नकली पेस्टीसाइड की बिक्री और निर्माण को रोकने के लिए भारत सरकार और उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में कीटनाशी निरीक्षकों की टीम गठित कर मेरठ के विश्वकर्मा और परतापुर औद्योगिक क्षेत्र में आकस्मिक छापा मारा गया। जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार सिंह, उप कृषि निदेशक कृषि रक्षा मेरठ मंडल मेरठ, पौध संरक्षण अधिकारी विशाल लहुगटे तथा बृज भूषण कुमार सहायक निदेशक वनस्पति संरक्षण, संगरोध एवं संग्रह निदेशालय भारत सरकार की संयुक्त टीम के द्वारा बीना केमिकल्स मेरठ, मेरठ एग्रो इंडस्ट्रीज, एग्रो केयर इंडस्ट्रीज, फ्लेक्सोंन इंडस्ट्रीज तथा गोपी बायो साइंस का निरीक्षण किया गया। सभी यूनिट की गहनता से जांच की गई तथा संदिग्ध कीटनाशक के आठ नमूने ग्रहण किए गए।