मेरठ। बिजनौर की फर्म ने कारोबारी का 12 लाख से ज्यादा कीमत का माल हड़प लिया। मेरठ कैंट क्षेत्र के आरए लाइन निवासी उपेंद्र कुमार सिंघल ने नौचंदी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उपेंद्र कुमार सिंघल ने थाने में दी तहरीर में उन्होंने बताया कि वह गढ़ रोड पर पंचशील कॉलोनी स्थित स्टील फैब्स फर्म के अधिकृत प्रतिनिधि हैं। उनकी फर्म ने बिजनौर की फर्म अग्रवाल प्रिंटर्स के मालिक अचल अग्रवाल को पैंकिग बैग वर्ष 2017 से बेचने शुरू किए थे।
अचल अग्रवाल माल उधार लेते थे और पूरा भुगतान करने के बजाय कम भुगतान करते थे। इसके चलते फरवरी 2020 में उधार की धनराशि बढ़कर 12.38 लाख रुपये हो गई। उनकी फर्म ने पूरा उधार चुकाने तक अचल अग्रवाल को आगे माल देना बंद कर दिया। आरोप है कि अचल अग्रवाल ने माल लेना बंद कर दिया और बकाया धनराशि का भुगतान नहीं किया। उन्होंने अपना माल वापस मांगा तो वह भी नहीं दिया। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि मामले की जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।