नववर्ष के मौके पर शहर में विभिन्न स्थानों पर जश्न के मद्दनेजर यातायात पुलिस ने ट्रैफिक प्लान जारी किया है। आज सुबह छह बजे शुरू हुए प्लान के अनुसार बुधवार रात दो बजे तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।
एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि नववर्ष के उपलक्ष्य में शहर में काफी भीड़भाड़ रहने और वाहनों के आवागमन की संभावना है। ऐसे में आम लोगों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए भारी वाहनाें की नो एंट्री के समय में बदलाव किया गया है। शहर के बाहरी छोर भी यातायात पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे और शहर में आने वाले भारी वाहनों को रोकेंगे।
उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ नए साल का जश्न मनाया जाएगा। आज रात 12 बजे से ही न्यू ईयर का जश्न और आतिशबाजी शुरू होगी और लोग एक दूसरे को बधाई देंगे। जश्न के दाैरान हुड़दंग मचाने वालों पर पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी। होटल व रेस्टोरेंट्स के आसपास पुलिसकर्मी सादा वर्दी में तैनातरहेंगे। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के चालान काटने की भी पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है।