मेरठ को दिल्ली, लखनऊ, प्रयागराज से कनेक्टिविटी को कम समय में जोड़ने के लिए कई परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। इन कार्यों की रफ्तार धीमी है, लेकिन उम्मीदें बंधी हुई है। शहर की जनता चल रहे प्रोजेक्ट से एक नए मेरठ की तस्वीर का सपना बुने हुए है।
कई योजनाओं पर कार्य धरातल पर शुरू हो गया है तो कई योजनाओं को फाइलों में तैयार किया जा रहा है। प्रयागराज से मेरठ का सफर आसान बनाने के लिए देश का सबसे लंबा गंगा एक्सप्रेस-वे बनाने का दावा सरकार कर रही है। इन सभी परियोजनाओं की सौगात मेरठ को मिल गई तो हमारा शहर विश्व पटल पर दिखने लगेगा।
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे
मेरठ से दिल्ली का सफर आसान बनाने के लिए 81 किमी का एक्सप्रेस-वे बनाया जा रहा है। सरायकाले खां से मेरठ के परतापुर तिराहे तक बनाए जाने वाले इस एक्सप्रेस-वे को पूरा करने का लक्ष्य दिसंबर-2019 तय किया गया, लेकिन इसे पूरा नहीं किया जा सका। इससे मेरठ से दिल्ली का सफर आसान नहीं हो सका। अब इसे पूरा करने का लक्ष्य मई-2020 रखा गया है।