सोना चोरी की घटना के बाद हंगामा करते परिजन(संवाद)
खरखौदा (मेरठ)। मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर नालपुर स्थित एनसीआर मेडिकल कॉलेज के पास सोना कारोबारी की कार की भिड़ंत एक थ्री व्हीलर से हो गई। दोनों वाहन मालिकों में समझौता हो गया। इसी दौरान सोना कारोबारी की कार में रखा करीब 12 लाख का सोने से भरा बैग चोरी हो गया। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस कार्रवाई करने के स्थान पर मामले को दबाने में लगी है।
जनपद बुलंदशहर के खुर्जा निवासी दीपांशु पुत्र जितेंद्र के अनुसार उसकी खुर्जा में ज्वेलरी की दुकान है। रविवार शाम वह मेरठ में घंटाघर स्थित देव ज्वैलर्स के यहां से करीब 12 लाख की कीमत के सोने के आभूषण लेकर चला था। रात्रि करीब 10:30 बजे उसकी कार मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर गांव नालपुर स्थित एनसीआर मेडिकल कॉलेज के पास पहुंची तो मेडिकल कॉलेज से निकले थ्री व्हीलर से कार की भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया। समझौते में थ्री व्हीलर चालक ने ऑनलाइन सोना कारोबारी से 10 हजार रुपये भी ले लिए।
सोना कारोबारी वहां कार लेकर घर की तरफ चला। करीब एक किलोमीटर चलने पर उसने देखा कि उसकी कार से ज्वेलरी का बैग गायब था। उसने इसकी सूचना अपने परिजन व पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले को संदिग्ध बताया। इस पर सोना कारोबारी के परिजन हंगामा करने लगे। पीड़ित पक्ष ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस सूचना मिलने के बाद भी मामले में कार्रवाई करने के बजाय लीपापोती करने में लगी रही। पीड़ित ने थाने में घटना की तहरीर दी है।
बयान....
इस मामले की जानकारी नहीं है। यदि सोना कारोबारी का सोना कार से चोरी हुआ है तो इस मामले में कार्रवाई की जाएगी। -प्रमोद कुमार सिंह, सीओ, किठौर