- लिसाड़ी गेट के अंजुम पैलेस की वारदात, आरोपी की तलाश में लगी पुलिस
संवाद न्यूज़ एजेंसी
मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार देर रात अंजुम पैलेस के पास एक शादीशुदा युवक ने अपनी प्रेमिका शाहीन को गोली मार दी। गोली युवती के कान के पास लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और युवती के परिजनों को सूचना दी। घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि आरोपी युवक व युवती के बीच काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच पिछले कुछ दिनों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। बृहस्पतिवार रात दोनों अंजुम पैलेस के पास मिले, जहां बातचीत के दौरान कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि गुस्से में युवक ने तमंचा निकालकर युवती पर फायर झोंक दिया। गोली कान के पास लगते ही युवती लहूलुहान होकर गिर पड़ी।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। आरोपी वारदात के बाद मौके से भाग गया। सूचना मिलते ही लिसाड़ी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है।
उधर, अस्पताल पहुंचे परिजनों का रोकर बुरा हाल है। चिकित्सकों की निगरानी में युवती का उपचार जारी है। एसपी सिटी का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम-प्रसंग और आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।