कोचिंग से घर लौट रही एक युवती को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म करने और दुष्कर्म की वीडियो बनाकर वायरल करने का मामला सामने आया है। घटना करीब 15 दिन पहले की है, दहशत में आई युवती घटना पर चुप्पी साध गई थी। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपियों की पहचान कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने युवती की काउंसिलिंग की और उसे आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद रिपोर्ट दर्ज कर युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है।
युवती बड़ौत में कोचिंग करती है, घटना वाले दिन वह साथ ही कोचिंग करने वाले एक युवक सुधीर के साथ वापस लौट रही थी। तभी दो अन्य युवक अंकित व विजय वहां पहुंचे और युवती को चाकू दिखाकर आतंकित किया। ये युवती को ढिकाना रोड पर जंगल में ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि युवकों ने अश्लील वीडियो भी बनाई। पुलिस का कहना है कि सुधीर भी इस घटना की साजिश में शामिल था।
इनकी मंशा युवती को ब्लैकमेल करने की थी। मामला 15 दिन तक दबा रहा, लेकिन अंकित और विजय ने वीडियो को वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने बृहस्पतिवार रात युवती का पता लगाया और दुष्कर्म के आरोपी सुधीर को गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में युवती की तहरीर पर दुष्कर्म और अन्य आपराधिक धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। कोतवाली प्रभारी आरके सिंह का कहना है कि फिलहाल सुधीर को गिरफ्तार किया गया है और जिन दो युवकों ने वीडियो वायरल की। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि युवती के न्यायालय में बयान दर्ज कराए जाएंगे।
दुष्कर्म के मामलों में दो अन्य आरोपी गिरफ्तार
दुष्कर्म के दो अन्य मामलों में काफी दिन से वांछित चल रहे शौकीन निवासी किदवई नगर व उस्मान निवासी बड़का रोड़ को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।