मुजफ्फरनगर के मोरना क्षेत्र के गांव निवासी नाबालिग छात्रा को खेत में खींचकर चार युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म कर मोबाइल से अश्लील क्लिप बना दी। किसी से बताने पर आरोपियों ने छात्रा के पिता-भाई की हत्या की धमकी दी, जिससे सहमी छात्रा ने दस दिन बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी। पिता ने तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
थाना क्षेत्र के गांव निवासी ने तहरीर देकर बताया कि उसकी नाबालिग बेटी कक्षा-11 की छात्रा है। आरोप है कि 19 जुलाई को छात्रा घर से कूड़ी पर गोबर डालकर लौट रही थी। आरोप है कि गांव के ही दो युवक अपने दो अज्ञात साथियों के साथ छात्रा को खेत में खींच ले गए, जहां उन्होंने तमंचे से आतंकित कर छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
आरोपियों ने मोबाइल से दुष्कर्म की अश्लील क्लिप भी बना ली और पिता-भाई की हत्या की धमकी देकर उसे भगा दिया। धमकी से सहमी छात्रा ने घर आकर किसी को कुछ नहीं बताया। उसे गुमसुम देख परिजनों ने पूछताछ की, तो उसने घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। इंस्पेक्टर संजीव कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
चार युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप
थाना क्षेत्र के गांव निवासी महिला ने बताया कि उसका पति हरिद्वार में नौकरी करता है। 17 जुलाई को वह घर में सोई थी। आरोप है कि गांव के ही चार युवक दीवार फांदकर घर में घुस गए और महिला के साथ तमंचे के बल पर सामूहिक दुष्कर्म किया। किसी से शिकायत करने पर आरोपियों ने पति को मारने की धमकी देते हुए उसके कोरे कागज पर हस्ताक्षर भी करा लिए। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।