मेरठ। कोरोना काल में सरकार जहां लोगों को मुफ्त राशन मुहैया करा रही है। वहीं आपूर्ति विभाग और राशन डीलर इसे हजम करने में लगे हैं। शास्त्रीनगर में हो रही सरकारी राशन की कालाबाजारी को लेकर उपभोक्ताओं ने बृहस्पतिवार को जमकर हंगामा काटा। गुस्साई महिलाओं ने जाम लगा दिया और आपूर्ति विभाग के अधिकारियों पर पर चूड़ियां फेंकी।
शास्त्रीनगर सेक्टर-3 में यशोदा देवी के नाम से राशन की दुकान थी। उनके निधन के बाद इस एजेंसी को उनका बेटा संचालित कर रहा था। लेकिन वर्ष 2017 में डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी द्वारा उठाए गए राशन कालाबाजारी के मुद्दे के बाद यशोदा देवी की एजेंसी निलंबित कर उसे शास्त्रीनगर सेक्टर 9 स्थित संजीव गुप्ता की एजेंसी से अटैच कर दिया गया था। संजीव गुप्ता ही यशोदा देवी की एजेंसी के उपभोक्ताओं को राशन बांटता रहा है। बृहस्पतिवार को उपभोक्ता राशन लेने गए तो बताया कि उनका राशन सेक्टर-2 में तरुण आहुजा के यहां मिलेगा। जबकि तरुण आहुजा पर एजेंसी नहीं है। राशन नहीं मिलने पर गुस्साई महिलाओं ने सड़क पर जाम लगा दिया। मौके पर पार्षद पति बिल्लू शर्मा पहुंचे और उन्होंने भी डीलरों पर मनमानी और कालाबाजारी के आरोप लगाए। सूचना पर आपूर्ति विभाग की टीम पहुंची और हंगामा कर रहे लोगों का वीडियो बनाने लगी। इस पर महिलाएं और भड़क गई और उन्होंने टीम को घेरकर डीएसओ व एआरओ के मुर्दाबाद के नारे लगाए।
महिलाओं ने आपूर्ति निरीक्षक अजय कुमार के ऊपर चूड़ियां भी फेंकीं। वे डीएम और डीएसओ को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गईं। बाद में पहुंची नौचंदी पुलिस ने बड़ी मुश्किल से लोगों को समझाया। इस बारे में डीएसओ नीरज सिंह ने बताया कि संजीव गुप्ता की एजेंसी पर उनके अलावा तीन अन्य एजेंसियों को अटैच कर रखा है। यशोदा देवी की एजेंसी भी यहीं अटैच है। सेक्टर-9 हॉटस्पॉट होने के चलते वहां की सरिता देवी की एजेंसी भी इसी पर अटैच चल रही है। बृहस्पतिवार को वहीं के लोगों को राशन बांटा जा रहा था। नितिन कुमार ने कुछ दिन पहले यशोदा देवी की एजेंसी के संबंध में आरटीआई से सूचना मांगी थी जो उपलब्ध करा दी थी। नितिन ने ही लोगों को भड़काकर हंगामा कराया। निरीक्षक अजय कुमार की गाड़ी तोड़ी। इस मामले में नितिन कुमार और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ नौचंदी थाने में तहरीर दी गई है।