गाजियाबाद - मोदीनगर। मोदीनगर रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी रोककर प्रदर्शन करते किसान।
मोदीनगर में मालगाड़ी रोककर किसानों ने किया प्रदर्शन
मोदीनगर। संयुक्त किसान मोर्चा के रेल रोको आह्वान पर सोमवार को भाकियू कार्यकर्ताओं ने मोदीनगर स्टेशन पर मालगाड़ी रोककर प्रदर्शन किया। किसान करीब आधा घंटे तक मालगाड़ी के सामने रेलवे ट्रैक पर बैठे रहे। प्रदर्शनकारियों ने लखीमपुर घटना के लिए केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय कुमार मिश्रा टेनी को हटाने की मांग करते हुए नारेबाजी की। एसडीएम और सीओ को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
भाकियू नेता जय कुमार मलिक, सतेन्द्र त्यागी और वेदपाल मुखिया के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता मोदीनगर रेलवे स्टेशन पहुंचे। किसानों ने गाजियाबाद की ओर से अपलाइन पर आ रही मालगाड़ी रोक दी और रेलवे ट्रैक पर धरने पर बैठ गए। कुछ किसानों ने मालगाड़ी के इंजन पर चढ़कर प्रदर्शन किया। किसान नेता जय कुमार मलिक और सतेन्द्र त्यागी ने कहा कि तीनों कृषि कानूनों की वापसी तक तथा केन्द्रीय ग्रह राज्यमंत्री अजय मिश्रा टेनी की केंद्रीय मंत्रिमंडल से बर्खास्तगी तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। वेदपाल मुखिया ने कहा कि यह उनका प्रतीकात्मक आंदोलन था। मांगे पूरी होने तक किसानों का आंदोलन जारी रहेगा। करीब आधा घंटे नारेबाजी प्रदर्शन के बाद किसानों ने राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन एसडीएम आदित्य प्रजापति और सीओ सुनील कुमार सिंह को सौंपा। प्रदर्शनकारियों में ओमपाल सिंह, बाबा परविन्द्र सिंह आर्य, चंद्रपाल सिंह, जयवीर गुर्जर, रवि चौधरी, पप्पी नेहरा और विनीत त्यागी आदि शामिल रहे। उधर, मुरादनगर रेलवे स्टेशन पर भी भारी पुलिस बल मौजूद रहा। मगर देर शाम तक वहां किसान नहीं पहुंचे।
स्टेशन अधीक्षक मोदीनगर = किसान लगभग 11.30 बजे रेलवे स्टेशन पहुंचे और 12.00 बजे के आसपास वापस लौट गए। इस दौरान किसी ट्रेन के आवागमन नहीं हुआ। एक मालगाड़ी को रेलवे स्टेशन पर रुकना था। मालगाड़ी के आगे किसानों ने प्रदर्शन किया।