गांधी मार्केट में फ्लैक्स की दुकान में लगी भीषण आग
मोदीनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित गांधी मार्केट की प्रथम मंजिल पर एक फ्लैक्स की दुकान में बृहस्पतिवार सवेरे भीषण आग लग गई। आग से बाजार में भगदड़ मच गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू किया। आग के कारणों को अभी पता नहीं लग सका है।
नगर की सबसे व्यस्त मार्केट में से एक गांधी मार्केट की प्रथम मंजिल पर कृष्णपाल का फ्लैक्स बनाने का काम है। बृहस्पतिवार सवेरे जैसे ही वह दुकान खोलने के लिए पहुंचे तो शटर से तेज धुंआ निकलता देख उनके होश उड़ गए। किसी तरह अन्य लोगों के सहयोग से शटर खोला गया तो दुकान के अंदर भीषण फैल चुकी थी। मामले की सूचना दमकल विभाग को दी गई। सूचना के बाद फायरब्रिगेड की दो गाड़ियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को काबू किया। आग की चपेट में आसपास की अन्य दुकान व आफिस भी आए। इससे उनका भी बड़ा नुकसान हुआ है। एसएफओ मामचन्द बड़गुजर का कहना है कि आग के कारणों को पता लगा जा रहा है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग में हुए नुकसान की जानकारी जुटाई जा रही है।