तांत्रिक पर युवक की हत्या का आरोप, परिजनों ने घेरा थाना
मोदीनगर। कादराबाद क्षेत्र में रोरी फाटक के समीप रेलवे ट्रैक पर सोमवार सुबह मिले शव की शिनाख्त बोबी गौड़ (23) निवासी अमर एंक्लेव के रूप में हुई। परिजनों ने एक तांत्रिक पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को थाने का घेराव किया। परिजनों ने तंत्र क्रिया के दौरान बोबी की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंकने का आरोप लगाया। बोबी के गले में ताबीज और हाथ की दसों में अंगुलियों में कलावा बंधा हुआ था। वह पिछले आठ माह से एक तांत्रिक के संपर्क में था। पुलिस ने मामले की जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया।
अमर एंक्लेव निवासी ओमवीर सिंह का सबसे छोटा पुत्र बोबी मेरठ-हापुड मार्ग स्थित एक इंस्टीट्यूट से बी-लिब कर रहा था। वह सोमवार सुबह परिजनों को बिना जानकारी दिए कहीं चला गया। काफी देर तक घर न लौटने पर सोमवार देर शाम परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने सोमवार सुबह रोरी फाटक के समीप मिले शव के फोटो परिजनों को दिखाए तो उन्होंने शव की शिनाख्त बोबी के रूप में की। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद बोबी का शव घर पहुंचा तो गले में ताबीज और दसों अंगुलियों में कलावा देखकर परिजन चौंक गए। परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो वहां सिंदूर की डिब्बी और रेलवे ट्रैक पर कलावा बंधा देखा। परिजनों ने आरोप लगाया कि गांव सारा निवासी एक तांत्रिक बोबी पर जादू-टोना करता रहता था। तांत्रिक फरवरी माह से बोबी के संपर्क में था और आए दिन उसे परेशान करता रहता था। परिजन दर्जनों ग्रामीणों और हिंदू युवा वाहिनी के नेता नीरज शर्मा के साथ थाने पहुंचे और तांत्रिक पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पर घंटों गहमागहमी होती रही। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर आक्रोशित लोगों को शांत किया। थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस हत्या, आत्महत्या सहित अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है।