शांतिभंग के आरोप में 15 दिन पहले सीकरी खुर्द निवासी सचिन कुमार को पुलिस ने हवालात में बंद कर दिया। जामा तलाशी के दौरान उसका मोबाइल पुलिसकर्मियों ने ले लिया। अब जमानत पर छूटने के बाद युवक अपना मोबाइल लेने थाने पहुंचा तो पुलिसकर्मी उसे टहला रहे हैं। करीब 15 दिन से परेशान युवक ने शनिवार को थाना समाधान दिवस में मामले की शिकायत सीओ से की है। सीओ ने संबंधित थाना पुलिस कोे युवक का मोबाइल वापस देने के आदेश दिए हैं।
गांव सीकरी खुर्द निवासी सचिन एक प्राइवेट कपंनी में काम करता है। उसने बताया कि 25 जून को पड़ोसी के साथ झगड़ा हो गया था। पुलिस ने सचिन को गिरफ्तार कर शांतिभंग की धारा में चालान कर दिया था। सचिन ने बताया कि कार्यालय में तैनात एक मुंशी और होमगार्ड ने उसका मोबाइल फोन जमा करा लिया था। जमानत के बाद वह फोन लेने थाने पहुंचा तो पुलिसकर्मियों ने उसे एक दो दिन बाद आने की बात कह टरका दिया। आरोप है कि पुलिसकर्मी 15 दिन से लगातार चक्कर कटा रहे हैं।
शनिवार को सचिन अपनी बहन रानी के साथ थाने पहुंचा और अपना मोबाइल फोन मांगा। पुलिसकर्मियों ने उसे एक बार फिर टरका दिया। पुलिस के रैवये से क्षुब्ध सचिन ने मामले की शिकायत सीओ सुनील कुमार सिंह से की।
सीओ ने पुलिसकर्मियों से मोबाइल फोन के बारे में पूछताछ की तो पुलिसकर्मी बगले झांकने लगे। काफी देर तक गहमा गहमी होती रही। सीओ ने पुलिसकर्मियों को युवक का मोबाइल फोन शीघ्र सुपुर्द करने का आदेश दिया। वहीं, थाना प्रभारी योगेंद्र सिंने बताया कि युवक ने मोबाइल किसे दिया है, इसकी जानकारी कराई जा रही है। जल्द ही उसका मोबाइल वापस कराया जाएगा।