हिंदू युवा वाहिनी के महानगर अध्यक्ष समेत 41 पर केस
मुरादनगर। थाने के मुख्य द्वार पर धरना देकर रास्ता रोकने के मामले में पुलिस ने हिंदू युवा वाहिनी के महानगर अध्यक्ष समेत 41 कार्यकर्ताओं पर रिपोर्ट दर्ज की है। इससे पूर्व विशेष समुदाय के लोगों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने हिंदू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष आयुष त्यागी के खिलाफ आईटी एक्ट में मामला दर्ज किया है।
शनिवार को हिंदू युवा वाहिनी के महानगर अध्यक्ष विशाल त्यागी के नेतृत्व में कार्यकर्ता थाने में धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर उतरवाने की मांग को लेकर ज्ञापन देने गए थे। इसके बाद कार्यकर्ता थाने के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए और हनुमान चालीसा का पाठ करने लगे। सीओ सदर आकाश पटेल ने कार्यकर्ताओं को समझाने की कोशिश की लेकिन कार्यकर्ता अपनी मांग पर डटे रहे।
महानगर अध्यक्ष विशाल त्यागी का कहना है कि इन दिनों छात्र परीक्षाओं की तैयारी में जुटे हैं। ऐसे में लाउडस्पीकर की तेज आवाज से सभी को दिक्कत होती है। कार्यकर्ता अपनी मांगों का ज्ञापन देने थाने गए थे। पुलिस ने रिपोर्ट किस आधार पर दर्ज की है, इसकी जानकारी नहीं है।
इन लोगों के खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट
एसओ सतीश कुमार ने बताया कि एसआई लालचंद कनौजिया की तहरीर पर हिंदू युवा वाहिनी के महानगर अध्यक्ष विशाल त्यागी, उपाध्यक्ष अमित त्यागी, जिला संयोजक अवनीश त्यागी, नगर अध्यक्ष सुशील प्रजापति, बिट्ट़ू उर्फ काला, उदित त्यागी, नवीन त्यागी, प्रदीप गोस्वामी, राकेश पाला, नीर गिरि, अनुज गोली, अमित त्यागी, अंकित त्यागी, पुनीत, सोनू, सुमित, सौरभ, कपिल कुमार, मनीष, हर्ष, विपिन कुमिार, यश, जमविजय शर्मा, विजय कटारिया, गौरव कोरी, रोहित कोरी, नीरज कुमार, शिवम कोरी, विनीत राजपुर, सूरज शर्मा, लाला त्यागी, धनेश मित्तल, बबलू बंसल, नरेश भटनागर, हरिओम, नवीन नहवाल, पुष्कर त्यागी, दीपक, मुकेश, प्रशांत गुप्ता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।