मुस्लिम युवकों ने किया हिंदू महिला का अंतिम संस्कार
मोदीनगर। नगर से सटे बेगमाबाद गांव में शनिवार को भाईचारे और सौहार्द की मिसाल देखने को मिली। यहां मुस्लिम युवकों ने मजहब की दीवार तोड़ एक हिंदू महिला का अंतिम संस्कार कराया। महिला की बीमारी के कारण मौत हो गई थी, उनके पति भी बीमार हैं। कोरोना संक्रमण के डर से रिश्तेदारों ने अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। जिसके बाद मोहल्ले के मुस्लिम समाज के युवक आगे आए और बीमार पति के साथ मिलकर महिला के शव का हिंदू रीति रिवाज से अंतिम संस्कार कराया।
बेगमाबाद गांव निवासी अशोक कुमार कंसल किराना की दुकान करते हैं। उनकी पत्नी ममता कंसल (55) कई दिनों से बुखार से पीड़ित थीं। शनिवार सुबह उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना मृतका के नजदीकी परिजनों को दी लेकिन परिजनों ने कोरोना संक्रमण का हवाला देकर अंतिम संस्कार में शामिल होने से मना कर दिया। जिस पर मोहल्ले के मुस्लिम समाज के युवक आगे आए और शव को श्मशान घाट ले गए, जहां हिंदू रीति रिवाज से अंतिम संस्कार कराया गया।