बुजुर्ग तिजेंद्र त्यागी की फाइल फोटो।
- फोटो : SHAHIBABAD
मुरादनगर में किसान की पीट-पीटकर हत्या
मुरादनगर। जलालपुर रोड स्थित त्रिमूर्ति विहार में किसान तिजेंद्र त्यागी उर्फ तेजा (65) की पीट पीटकर हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस ने मृतक के बड़े बेटे की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अवैध संबंध व संपत्ति को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मृतक के छोटे बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मूलरूप से शोभापुर गांव निवासी तिजेंद्र त्यागी उर्फ तेजा (65) जलालपुर रोड स्थित त्रिमूर्ति विहार में अपने छोटे बेटे नितेश त्यागी के साथ रहते थे। बडे़ बेटे उमेश का मकान भी नितेश के घर के पास है। बताया गया कि तिजेंद्र त्यागी रोजाना शोभापुर गांव में बने मकान में सोने चला जाता था। एसएचओ अमित कुमार ने बताया कि रविवार सुबह त्रिमूर्ति विहार से सूचना मिली कि शोभापुर मार्ग पर एक वृद्ध की हत्या कर दी गई। परिजन उसका अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसएचओ ने बताया कि मृतक के बेटे नितेश से पूछा गया तो उसने बताया कि शनिवार रात खाना खाने के बाद पिता शोभापुर मार्ग से गांव के लिए चले गए थे। करीब एक घंटे बाद नितेश भी पिता को देखने आ गया। उसने देखा कि असालतनगर-शोभापुर मार्ग पर उसके पिता लहूलुहान हालत में पड़े हैं। वह उन्हें लेकर स्थानीय अस्पताल पहुंचा, जहां तिजेंद्र त्यागी को मृत घोषित कर दिया। एसएचओ अमित कुमार का कहना है कि मृतक के बडे़ बेटे उमेश की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उधर, एसपी देहात डा.ईरज राजा का कहना है कि मृतक के छोटे बेटे समेत कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हत्याकांड का जल्दी ही खुलासा कर किया जाएगा।
बेरहमी से पीटा, शरीर पर चोट के कई निशान
कुछ दिन पूर्व किसान तिजेंद्र त्यागी ने जमीन बेची थी, जिसके सात लाख रुपये मिले थे। बताया कि दो दिन पूर्व करीब पौने दो लाख रुपये कीमत का ट्रैक्टर खरीदा था। लोगों की मानें तो डंडों से पीट-पीटकर तिजेंद्र त्यागी की हत्या की गई है। मृतक के शरीर पर चोट के कई निशान थे।