परतापुर हाईवे स्थित डीजल पंप पर रविवार देर रात सेल्समैन दीपक सैनी की हत्या करने के आरोपी साथी सेल्समैन सन्नी को परतापुर पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।
इंस्पेक्टर परतापुर दीपक शर्मा के अनुसार सोमवार को पुलिस की दबिश का पता चलने पर सन्नी हरिद्वार में अपने चाचा के यहां से निकल गया था। मंगलवार रात सन्नी की लोकेशन रिठानी में पूठा रोड पर मिली। जिसके बाद उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से दीपक की बाइक और पंप की डीजल बिक्री के 24 हजार रुपये बरामद कर लिए गए।
धमकी देने पर मारा था
इंस्पेक्टर के अनुसार रविवार रात दीपक और सन्नी दोनों ने पंप पर शराब पी थी। दीपक रात को ही अपने घर जाने की जिद पर अड़ था। सन्नी ने मना करते हुए कहा कि ड्यूटी दोनो की है, तो दोनों को ही रहना पड़ेगा। लेकिन दीपक नहीं माना और मालिक को फोन करने की धमकी दी। इसी बात पर दोनों मेें विवाद हुआ और गुस्से में सन्नी ने दीपक के सिर पर लोहे की रॉड दे मारी थी और लहूलुहान दीपक को छोड़कर भाग गया था।
पंप पर महिलाओं का हंगामा
दीपक की हत्या के विरोध में मंगलवार सुबह परिजनों और रिश्तेदारों ने दर्जनों महिलाओं के साथ डीजल पंप मालिक के बागपत रोड स्थित पेट्रोल पंप पर हंगामा किया। वहां बिक्री बंद कराते हुए स्टाफ को भगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस से भी महिलाएं उलझ गईं। महिलाएं पेट्रोल पंप मालिक से दीपक के परिवार को आर्थिक मदद दिलाने की मांग कर रही थीं। टीपी नगर थाने के एसएसआई कैलाश चंद ने बताया कि पेट्रोल पंप मालिक और परिवार के बीच समझौता हो गया था।