दिल्ली रोड स्थित प्रभु मिलन भवन में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कर्नाटक की वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बीना बहन ने प्रवचन दिए। उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र में अपनों को देख अवसाद में आए अर्जुन को भगवान जिस प्रकार ज्ञान देकर अवसाद मुक्त करते हैं। उसी प्रकार आप भी गीता को सुनकर अवसाद मुक्त हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि गीता के पहले अध्याय में बताया गया है कि कुरुक्षेत्र में रणभूमि में अर्जुन अपने सम्मुख स्वजनों को देख हतोत्साहित हो जाते हैं। वह असमंजस में रहते हैं कि अपनों का वध कैसे करे। परंतु भगवान उसे ज्ञान देकर भय और आशंकाओं से मुक्त कर देते हैं। इसी प्रकार हमारे सम्मुख अनेक बार ऐसी समस्याएं आती हैं, हम निर्णय नहीं कर पाते कि उन समस्याओं से कैसे पार पाएं। हम अनेक प्रकार के मोह, लोभ आदि को साथ रख अपनी समस्याओं का समाधान चाहते हैं, जो संभव नहीं है। गीता हमें सत्य मार्ग पर चलने को प्रेरित करती है। यदि मोह, लोभ हमारे उद्धार में बाधक हैं तो उन पर गीता ज्ञान से जय प्राप्त की जा सकती है। इस अवसर पर बीजेपी के मंडल अध्यक्ष राजीव गोयल, पूर्व उपश्रमायुक्त सीताराम मीणा, एडिशनल कमिश्नर आरएन धामा, माई लाइफ फाउंडेशन की चेयरमैन भावना शर्मा, विनोद मौजूद रहे। संचालन सेंटर प्रभारी सुनीता बहन ने किया।