मेरठ। गेम सिटी एरेना में चल रहे सातवें जूनियर क्रिकेट टूर्नामेंट में बृहस्पतिवार को दो मैच हुए। इसमें जीसीए और युवा क्रिकेट एकेडमी ने अपने मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। पहले मुकाबले में जीसीए क्रिकेट एकेडमी का सामना बीडीएस क्रिकेट एकेडमी से हुआ।
टॉस जीतकर जीसीए ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और टीम के स्टार बल्लेबाज शौर्य अधाना ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 97 गेंद में 198 रन बनाए। महज 2 रन से दोहरे शतक से चूक गए। जीसीए क्रिकेट एकेडमी ने 343 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। बीडीएस की ओर से जतिन शर्मा और अथर्व तोमर ने 3-3 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बीडीएस की टीम शुरुआत से ही संघर्ष करती रही और पूरी टीम 20.3 ओवर में केवल 144 रन पर सिमट गई।
इस तरह जीसीए क्रिकेट एकेडमी ने 198 रन से शानदार जीत दर्ज की। शौर्य अधाना को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। दूसरा मैच युवा क्रिकेट एकेडमी और एलीट क्रिकेट एकेडमी के बीच हुआ। एलीट क्रिकेट एकेडमी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। युवा क्रिकेट एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवर में 7 विकेट पर 235 रन बनाए। टीम की ओर से मोक्क्ष राणा ने 108 रन की शतकीय पारी खेली।
एलीट क्रिकेट एकेडमी की ओर से पार्थ खुराना ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 7 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करते हुए एलीट की टीम 32.3 ओवर में 173 रन पर सिमट गई। शुभम (30), आरव शर्मा (31) और राघव (26) ने संघर्षपूर्ण पारियाँ खेलीं, लेकिन जीत से टीम को दूर नहीं बचा सके। युवा क्रिकेट एकेडमी के गेंदबाज आर्यन और अभिमन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट चटकाए। मोक्क्ष को मैन ऑफ द मैच चुना गया।