सिलिंडर में दो किलो गैस निकली कम, थाने में डाला तस्करा
मेरठ। कोतवाली थाना क्षेत्र के पूर्वा अहिरान में गैस सिलेंडर में दो किलोग्राम गैस कम निकलने पर रविवार को हंगामा हो गया। सूचना पर आपूर्ति विभाग की टीम मौके पर पहुंची और चार सिलिंडर कब्जे में लेकर पुलिस को सौंपे। मामले को लेकर थाने में तस्करा डाला गया है।
पूर्वा अहिरान निवासी राकेश रुहेला के यहां रविवार दोपहर दिल्ली रोड स्थित एक गैस एजेंसी का हॉकर ब्रह्मपाल सिलेंडर की सप्लाई देने पहुंचा। राकेश ने सिलिंडर का वजन किया तो उसमें दो किलो गैस कम थी। सूचना पर पहुंचे आपूर्ति विभाग के सप्लाई इंस्पेक्टर ने हॉकर से बात की तो उसने जानकारी ना होने का हवाला दिया।
आपूर्ति विभाग की टीम ने चार सिलिंडर कब्जे में लेकर पुलिस की सौंप दिए। उधर, सीओ के निर्देश पर थाने में तस्करा भी डाला गया। सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया ने बताया कि बाट माप विभाग की टीम सोमवार को मामले की जांच करेगी। आरोप सही पाए जाने पर मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा।