लूटपाट के विरोध पर की थी हत्या, अधजला शव किया था बरामद
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। फास्ट फूड विक्रेता सचिन प्रजापति की लूटपाट कर हत्या करने और शव जलाने के तीन आरोपियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। पुलिस ने कंकरखेड़ा के बादाम मंडी निवासी विजय उर्फ देवा, जवाहरपुरी कंकरखेड़ा के मन्नू आर्या और न्यू अशोकपुरी निवासी संजय के खिलाफ सदर बाजार थाने में प्राथमिकी दर्ज की है। इनकी अपराध से अर्जित संपत्ति चिह्नित कर कुर्क की जाएगी। तीनों वर्तमान में जेल में है। कंकरखेड़ा रेलवे ओवरब्रिज के नीचे को-ऑपरेटिव बैंक के पास 27 सितंबर 2024 की सुबह एक युवक का अधजला शव मिला था। मृतक की पहचान छावनी क्षेत्र में फास्ट फूड विक्रेता सचिन प्रजापति के रूप में की थी। सचिन के पिता सुखवीर और मां मुकेश देवी पल्लवपुरम के डौरली में रह रहे थे। सचिन पत्नी मोनिका और दो बेटों के साथ कंकरखेड़ा के नंगला ताशी में रहता था।
पुलिस ने इस मामले में पहले मन्नू और संजय को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। बाद में तीसरे आरोपी विजय उर्फ देवा को गिरफ्तार किया था। आरोपियों ने सचिन प्रजापति की बाइक और मोबाइल लूटा और विरोध करने पर ईंट से वार कर उसकी हत्या कर दी थी। बाद में पहचान छिपाने के लिए शव जलाने की कोशिश की थी।
अब इस मामले में सदर बाजार थाना प्रभारी अखिलेश कुमार मिश्रा ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें गैंग लीडर विजय उर्फ देवा को बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी भौतिक और आर्थिक लाभ के लिए सुसंगठित गिरोह बनाकर हत्या, लूट जैसे अपराध करते हैं। डर के कारण इनके खिलाफ गवाही नहीं देता। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि समाज विरोधी क्रियाकलापों पर अंकुश लगाने के लिए आरोपियों पर कार्रवाई की गई है। जिला मजिस्ट्रेट के कार्यालय से प्राप्त गैंग चार्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। इनकी संपत्ति कुर्क करने की भी कार्रवाई की जाएगी।