लिसाड़ी गेट थाने में गैंग लीडर समेत चार पर दर्ज की गई प्राथमिकी
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। नशीला पदार्थ सुंघाकर लूटपाट करने वाले गिरोह के चार बदमाशों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। लिसाड़ी गेट थाने में हुमायूंनगर के गैंग लीडर जीशान, जैद, फरमान और जाकिर कॉलोनी के अरबाज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। अधिकारियों की अनुमति के बाद पुलिस इनकी संपत्ति चिह्नित कर जब्त करेगी।
लिसाड़ी गेट थाना प्रभारी दलवीर सिंह ने गिरोह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। गिरोह के सभी आरोपी लोहियानगर क्षेत्र के निवासी हैं। गिरोह के सदस्य लोगों को नशीला पदार्थ सुंघाकर व खिलाकर लूटपाट करते हैं। इनका उद्देश्य भौतिक और आर्थिक लाभ प्राप्त करना है। इनके कारण जनता और समाज में भय और आतंक व्याप्त है। लोग इनके विरुद्ध गवाही देने का साहस नहीं कर पाते हैं।
इस गिरोह के खिलाफ मथुरा निवासी सलमान ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उसका कहना था कि जीशान सस्ता कपड़ा दिलाने के बहाने 20 मार्च 2025 को बाइक से उसे मेरठ लेकर आ रहा था। रास्ते में उसने शिकंजी और मिल्क शेक पिलाया। इसके बाद वह बेहोश हो गया। जीशान ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके 12 हजार रुपये, डेबिट कार्ड आदि लूट लिए थे। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि गिरोह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अब अपराध से अर्जित की गई संपत्ति को जब्त किया जाएगा।