- नमामि गंगे अभियान के तहत मेरठ से शुरुआत, सेंट फ्रांसिस वर्ल्ड स्कूल में सोमवार को बनेगा पहला गंगा क्लब
- गंगा कथा, एसटीपी भ्रमण, क्विज, फोटोग्राफी, चित्रकला और स्वच्छता अभियान से बच्चों को जोड़ा जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। स्कूलों में अब विद्यार्थियों को गंगा और उसकी सहायक नदियों के संरक्षण का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। नमामि गंगे अभियान के तहत जिला प्रशासन, वन विभाग और जिला गंगा समिति ने स्कूलों में गंगा क्लब बनाने की पहल शुरू की है। इसकी शुरुआत सोमवार को लोहिया नगर स्थित सेंट फ्रांसिस वर्ल्ड स्कूल से होगी, जहां जिले का पहला गंगा क्लब गठित किया जाएगा।
जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह के निर्देश पर शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। ईको क्लब की तर्ज पर बनने वाले गंगा क्लबों के माध्यम से बच्चों को गंगा और उसकी सहायक नदियों के इतिहास, सांस्कृतिक महत्व और संरक्षण के उपायों की जानकारी दी जाएगी। क्लब के सदस्यों को विभिन्न जिम्मेदारियां देकर उनमें नेतृत्व क्षमता भी विकसित की जाएगी।
कक्षा आठ से 12 तक के विद्यार्थियों को गंगा से जुड़े औद्योगिक प्रतिष्ठानों और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का शैक्षणिक भ्रमण कराया जाएगा। सभी कक्षाओं के बच्चों के लिए गंगा कथा का आयोजन होगा, जिसमें गंगा के धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व से परिचित कराया जाएगा।
वरिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए मोबाइल फोटोग्राफी प्रतियोगिता, गंगा प्रोजेक्ट, गंगा क्विज, टॉक शो आयोजित होंगे। प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों के लिए चित्रकला और पेंटिंग प्रतियोगिताएं होंगी। इसके अलावा खेलकूद और अन्य गतिविधियों में छात्र समूहों के नाम अलकनंदा, भागीरथी और मंदाकिनी जैसी नदियों के नाम पर रखे जाएंगे, ताकि बच्चों का नदियों से जुड़ाव बढ़ सके।
सेंट फ्रांसिस वर्ल्ड स्कूल की प्रधानाचार्य मनीषा जैन ने कहा कि गंगा क्लब विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण से व्यवहारिक रूप से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बनेगा। इससे बच्चों में जल संरक्षण और नदियों के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ेगी तथा वे जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित होंगे।