मेरठ में गैस पाइपलाइन फटने से हड़कंप
- फोटो : अमर उजाला
मेरठ। परतापुर औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। नाले की खुदाई के दौरान जेसीबी का हैंगर सड़क के नीचे बिछी गेल गैस की पाइपलाइन से जा टकराया, जिससे पाइपलाइन फट गई। फटते ही पीएनजी गैस का तेज रिसाव शुरू हो गया और देखते ही देखते इलाके में गैस की दुर्गंध फैल गई।
गैस रिसाव होते ही जेसीबी चालक और मजदूर मौके से भाग खड़े हुए। गैस की गंध से आसपास की फैक्ट्रियों में हड़कंप मच गया। कर्मचारी काम छोड़कर बाहर निकल आए और सड़क पर जमा हो गए।
यह भी पढ़ें: FM Visit: दारुल उलूम पहुंचे आमिर खान मुत्ताकी, किया दौरा हदीस का पाठ, महिला पत्रकारों को मिली ये नसीहत
सूचना पर गेल गैस फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तुरंत परतापुर चैंबर से गैस सप्लाई बंद कराई और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को ठीक किया। करीब एक घंटे तक गैस आपूर्ति बाधित रही।
सूत्रों के अनुसार, यह कार्य यूपीसिडा के तहत नाला निर्माण का था, जिसे बिना गेल की अनुमति के किया जा रहा था। कंपनी के कर्मचारियों ने बताया कि जहां गैस लाइन बिछी होती है, वहां खुदाई करने से पहले अनुमति लेना अनिवार्य है। इस घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है।
तेज हवा के कारण गैस दूर-दूर तक फैल गई थी, जिससे पूरे औद्योगिक क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।