हरियाणा के पानीपत में शुक्रवार रात हुए सड़क हादसे में इस्लामनगर निवासी 25 वर्षीय फर्नीचर कारीगर सावेज की दर्दनाक मौत हो गई। बताया गया कि सावेज, जो पेशे से फर्नीचर का कारीगर था, पानीपत में एक कोठी में काम निपटाने के बाद अपने साथी के साथ बाइक से वापस लौट रहा था।
जब वह सनौली टोल प्लाजा के पास पहुंचा, तभी गलत दिशा से आ रहे एक कैंटर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सावेज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, सावेज के मौत की खबर जैसे ही इस्लामनगर स्थित उसके घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। परिजन रात में ही पानीपत के लिए रवाना हो गए। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया गया और देर शाम गमगीन माहौल में कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
मृतक के भाई जुबेर ने बताया कि सावेज की डेढ़ साल पहले शादी हुई थी और वह पानीपत में ही फर्नीचर का काम करता था। हादसे के बाद पूरे मोहल्ले में शोक की लहर है।