संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। कार में सवार होकर आए तीन बदमाशों ने मीरपुर गांव में फर्नीचर कारोबरी के अपहरण का प्रयास किया। विरोध करनेपर मारपीट की गई। कारोबारी द्वारा शोर मचाने पर ग्रामीणों ने दो आरोपियों को पकड़ लिया। तीन हमलावर कार में सवार होकर भाग निकले। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस कारोबारी से पूछताछ कर बैरंग लौट गई। समाचार लिखे जाने तक घटना की तहरीर नहीं दी गई थी।
कस्बा करनावल निवासी दिलशाद पुत्र अल्लामेहर ने बताया कि वह मीरपुर गांव में सड़क किनारे दुकान में फर्नीचर बनाने का काम करता है। सोमवार की सुबह दुकान खोलकर जैसे ही अंदर पहुंचा तो इसी बीच तेज रफ्तार गाजियाबाद नंबर की वैगनआर कार उसकी दुकान के सामने आकर रुकी। कार से उतरकर तीन युवक उसके पास पहुंचे और कार में बैठे युवकाें से बात करने के लिए कहा। जैसे ही वह कार के निकट पहुंचा तो आरोपितों ने उसे धक्का देकर कार के अंदर डालने का प्रयास किया। अनहोनी का अंदेशा होने पर उसने शोर मचा दिया। इस पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर दी। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोगों की मौके पर भीड़ जुट गई। भीड़ ने मौके से दो हमलावरों को दबोच लिया। वहीं, उनके तीन साथी कार में सवार होकर मौके से बागपत की ओर फरार हो गए। घटना की जानकारी कंट्रोल रूम को दी गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस पीड़ित से पूछताछ कर लौट गई। समाचार लिखे जाने तक घटना की तहरीर नहीं दी गई थी। रोहटा थाना प्रभारी का कहना है कि पीड़ित व आरोपी के बीच गांव में ही कहासुनी हो गई थी। दुकान पर गाली गलौज करने की बात सामने आई है। अपहरण व मारपीट का आरोप गलत है।