फेसबुक से दोस्ती करने के बाद सीआरपीएफ के एक जवान ने पहले तो छात्रा को शादी के झांसे में फंसाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में आरोपी ने एक मंदिर में शादी का नाटक किया। 20 दिन तक अपने साथ रखा। बाद में छात्रा को गला घोंटकर जान से मारने की कोशिश की।
बुलंदशहर के स्याना थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी छात्रा मेडिकल थाना क्षेत्र के जागृति विहार में किराए पर रह रही है। छात्रा परतापुर बाईपास स्थित एक कॉलेज से बीए एलएलबी की पढ़ाई कर रही है। उसका आरोप है कि एक साल पहले उसकी दोस्ती फेसबुक पर सीआरपीएफ जवान से हुई। फेसबुक पर दोनों की चेटिंग हुई तो दोनों फोन पर बात करने लगे। आरोपी छात्रा के साथ शादी करने की बात कहने लगा। 24 मार्च 2017 को आरोपी ने कहा कि उसकी बटालियन की ड्यूटी हरियाणा में जाट आंदोलन में लगी है, वह हरियाणा में ड्यूटी पर है।
आरोप है कि छात्रा को फोन करके बुला लिया और एक होटल में उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में आरोपी छुट्टी पर आया और परतापुर स्थित एक होटल में छात्रा के साथ कई दिन तक दुष्कर्म किया। आरोपी शादी का झांसा देकर छात्रा को मेरठ में एक मंदिर में ले गया और शादी का नाटक किया। उसके बाद आरोपी ने छात्रा को एक माह तक अपने साथ रखा। छुट्टी काटकर गया तो छात्रा की हत्या की कोशिश भी की। आरोपी अब जम्मू में तैनात है और झारखंड के धनबाद क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। पीड़िता ने पांच दिन पहले जम्मू में कमांडेंट से भी शिकायत की है। पीड़िता ने पुलिस को फेसबुक के फोटो और मैसेज भी दिखाए हैं। एसएसपी मंजिल सैनी ने पीड़िता को जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
अश्लील वीडियो क्लीपिंग बनाई
आरोपी जवान ने छात्रा की अश्लील वीडियो क्लीपिंग बना ली। जिसके बाद आरोपी ने छात्रा को मैसेंजर में अश्लील मैसेज और फोटो भी भेजते हुए उत्पीड़न किया। शिकायत करने पर आरोपी ने वीडियो क्लीपिंग नेट पर डालने की धमकी दी। पीड़िता ने जान का खतरा जताकर सुरक्षा की भी मांग की है।
परिजनों ने छात्रा को घर से निकाला
छात्रा ने बिलखते हुए पुलिस अफसरों से कहा कि वह किराए के कमरे पर रह रही है। परिजनों ने भी उसे घर से निकाल दिया। अब उसकी जिंदगी बर्बाद हो गई। यदि इंसाफ नहीं मिला तो वह आत्महत्या कर लेगी। परिजन भी छात्रा को हत्या की धमकी दे रहे हैं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/