दौराला। चिरौड़ी गांव निवासी सचिन कुमार के साथ गांव के ही युवक ने आर्मी में भर्ती कराने के नाम पर 50 हजार ठग लिए। आरोप है कि युवक ने भर्ती चालू होने की बात कहकर लेह लद्दाख बुलाया और फर्जी दौड़ और चिकित्सक परीक्षण कराकर आर्मी की वर्दी देकर फरार हो गया।
सचिन कुमार ने बताया कि उसके गांव के ही एक युवक ने उसकी आर्मी में नौकरी लगवाने की बात कही थी। युवक ने एक सप्ताह पहले उसे फोन पर बताया कि लेह लद्दाख में आर्मी की भर्ती है, जिसमें कुछ लड़के ही भर्ती किए जाएंगे। आरोपी युवक ने उसे कुछ रुपये लेकर लेह लद्दाख बुलाया, जिस पर वह 70 हजार रुपये लेकर लेह लद्दाख चला गया। लेह लद्दाख में युवक ने उससे 50 हजार रुपये लेकर दौड़ और चिकित्सक परीक्षण कराकर आर्मी की वर्दी दी। युवक उसे चकमा देकर फरार हो गया। सचिन के पास पैसे खत्म हो गए। किसी तरह वह दौराला पहुंचा। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।