खुद को फौजी बताकर कार बेचने के नाम पर की ठगी
मेरठ। ओएलएक्स की आड़ में ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। खुद को फौजी बताने वाले एक शख्स ने अपनी कार बेचने का ऑनलाइन विज्ञापन देकर एक शख्स से करीब 97 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
सरधना के ग्राम मंढ़ियाई निवासी शाहबाज खान पुत्र नौशाद खान ने बताया कि उसने ओएलएक्स पर एक स्विफ्ट कार का ऑनलाइन विज्ञापन देखा। विज्ञापन डालने वाले ने खुद का नाम साहिल बताया। साथ ही यह भी बताया कि वह फौज में है और आसाम में तैनात है। उसने कार का सौदा आगे बढ़ाया और फौजी के कहे अनुसार ऑनलाइन पेमेंट ऐप के जरिए एक नंबर पर लगभग सात किश्तों में 97 हजार रुपये का भुगतान कर दिया। अब जब कार डिलीवरी का समय आया तो वह आनाकानी कर रहा है। कई दिन प्रयास करने के बाद साहिल से अपने रुपयों की मांग की तो उसने रुपये लौटाने से भी साफ इंकार कर दिया। पीड़ित ने एसएसपी कार्यालय पर शिकायती पत्र देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।