प्रबंध निदेशक और जिलाधिकारी के दर पर पहुंची किसानों की शिकायत
60 घंटे से अधिक समय बिजली आपूर्ति ठप रहने से जनजीवन अस्त-व्यस्त
भाकियू लोकशक्ति के नेतृत्व में ग्रामीणों ने अधिकारियों पर लगाए आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। क्षेत्र के अतराड़ा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े अतराड़ा, अजराड़ा, बवनपुरा और खासपुर गांव में रविवार सुबह करीब 9:00 बजे से ठप हुई बिजली आपूर्ति मंगलवार देर शाम तक भी बहाल नहीं हो सकी। लगातार 60 घंटे से अधिक समय तक बिजली नहीं आने से चारों गांवों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया।
किसानों के नलकूप बंद होने से खेतों की सिंचाई रुक गई, पशुओं के लिए हरे चारे और पेयजल का संकट खड़ा हो गया। वहीं भीषण गर्मी के बीच घरों में पेयजल, मोबाइल चार्जिंग, पंखे और अन्य आवश्यक उपकरण बंद रहने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। तीसरे दिन भी लगातार बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता गया। सोमवार को ग्रामीणों ने अतराड़ा विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचकर प्रदर्शन किया और अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की थी। उस समय अधिकारियों ने शीघ्र समस्या के समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन मंगलवार शाम तक भी बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी।
बिजली संकट के समाधान की मांग को लेकर मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के जिला अध्यक्ष अजय त्यागी के नेतृत्व में चारों गांवों के किसान मेरठ पहुंचे। किसानों ने विद्युत निगम के प्रबंध निदेशक (एमडी) और जिलाधिकारी से मुलाकात कर मामले की शिकायत की। उन्होंने मांग की कि लंबे समय से चली आ रही बिजली व्यवस्था की अव्यवस्थाओं की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए तथा क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए।
किसानों ने अधिकारियों को दी शिकायत में आरोप लगाया कि अतराड़ा विद्युत उपकेंद्र पर तैनात अधिकारी उपभोक्ताओं की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद समय पर कोई सुनवाई नहीं हो रही। ग्रामीणों का आरोप है कि अवर अभियंता (जेई) और उपखंड अधिकारी (एसडीओ) आम उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने के लिए मजबूर करते हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द विद्युत आपूर्ति पूरी तरह सुचारु नहीं की गई और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो चारों गांवों के किसान भाकियू लोकशक्ति के बैनर तले व्यापक आंदोलन करेंगे।
डीएम से अपनी शिकायत करते अतराडा निवासी किसान (किसान)