संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नगर में बिजली आपूर्ति बाधित रहने से मंगलवार को लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सोमवार देर रात से शुरू हुई बिजली कटौती का असर मंगलवार शाम तक बना रहा। बिजली आपूर्ति ठप रहने से पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हुई और कई मोहल्लों में लोगों को पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ी।
सोमवार रात करीब 2:00 बजे बिजली आपूर्ति ठप हुई, जो मंगलवार सुबह करीब 8:00 बजे बहाल हुई। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे मरम्मत कार्य के चलते फिर बिजली काट दी गई। देर शाम करीब साढ़े छह बजे तक भी आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी थी। लंबे समय तक बिजली गुल रहने से उमस और गर्मी के बीच लोग परेशान रहे। बिजली के अभाव में घरों और बाजारों में कामकाज प्रभावित हुआ। वहीं, पेयजल आपूर्ति बाधित होने से कई मोहल्लों के लोगों को वैकल्पिक इंतजाम करने पड़े। व्यापारियों का कारोबार भी प्रभावित रहा, जबकि बिजली पर निर्भर छोटे उद्योगों का काम भी ठप रहा।
एसडीओ विद्युत रूपेश कुमार ने बताया कि विद्युत लाइन पर आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। कार्य पूरा होते ही बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की।