पौड़ी गढवाल निवासी दंपति और बच्चा भी घायल,
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। परतापुर तिराहा स्थित एक्सप्रेसवे इंटरचेंज पर रविवार दोपहर टर्न लेते समय वेगनआर कार से पीछे आ रही वोक्सवेगन, महिंद्रा एक्सयूवी और आई 20 कार से टकरा गई। चार वाहनों के इंटरचेंज पर टकराने से रोड पर वाहन चालकों में अफरा तफरी मच गई। वहां से गुजर रहे वाहन चालकों ने अपने वाहन रोक दिए। हादसे में पांच वाहनों में सवार छह लोग घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची हाईवे पेट्रोलिंग की टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों का उपचार किया।
पौड़ी गढ़वाल निवासी नीरज रावत रविवार दोपहर पत्नी सीमा और बेटे शशांक के साथ अपनी वोक्सवेगन कार से बहन से मिलने दिल्ली जा रहे थे। परतापुर तिराहा इंटरचेंज पर आगे चल रहे वेगनआर कार चालक मोदीनगर गोविंदपुरी निवासी मनदीप ने अचानक कार मोदीनगर की ओर मोड़ दी। अचानक गाड़ी को टर्न लेता देखकर नीरज ने ब्रेक लगाए तो पीछे से आ रही महिंद्रा एक्सयूवी ने वोक्सवेगन में टक्कर मार दी। इसी दौरान पीछे से आ रही दिल्ली निवासी हरिकेष की कार आई 20 कार भी तीनों वाहनों से जा भिडी। हादसे में नीरज रावत उनकी पत्नी सीमा ,बेटा शंशाक, वेगनआर सवार मनदीप और महिंद्रा एक्सयूवी सवार राकेश और आई 20 कार चालक हरिकेष सहित छह लोग चोटिल हो गए।
हादसे को देख राहगीरों ने हाईवे कंट्रोल रूम को जानकारी दी। सूचना पर हाईवे पेट्रोलिंग की टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और हादसे में चोटिल लोगों का उपचार किया। घटना से इंटरचेंजर पर वाहनों की रफ्तार थम गई पेट्रोलिंग टीम ने क्रेन की मदद से वाहनों को सड़क से हटाकर रास्ता साफ किया। सीओ ब्रहमपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि हादसे में कुछ लोग मामूली रूप से चोटिल हुए थे जिनका उपचार कराया गया है किसी ने कोई तहरीर नही दी है।