मेरठ। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सोलाना गांव के सामने शुक्रवार देर रात चार कार आपस में टकरा गई। हादसे में कार सवार 12 लोग चोट लगने से घायल हो गए। हादसा इतना जबरदस्त था कि कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया।
शताब्दी नगर निवासी विशाल वर्मा ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ विकास, शकुंतला और आर्यन के साथ शाहदरा से शादी से वापस लौट रहे थे। सोलाना गांव के पास वे लघुशंका करने के लिए गाड़ी रोककर खड़े थे। उनके पास में ही एक अन्य कार खड़ी खड़ी थी। इसी बीच दिल्ली से मेरठ की ओर जा रहे रास्ते पर तेज रफ्तार आर्टिगा कार ने दोनों कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद आर्टिगा कार अनियंत्रित होकर हवा में उछली और आगे चल रही वैगनार कार में भी पीछे से जा घुसी। हादसे के बाद आर्टिगा कार हाईवे के बीचों-बीच पलट गई।
आर्टिगा के चालक की पहचान जितेंद्र के रूप में हुई है। सड़क हादसे में गुरुग्राम निवासी रोहित कटारिया, दीपांशु, जतिन और प्रतिभा भी घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम व एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। राहगीरों ने किसी तरह कार सवार लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे के चलते हाईवे पर लंबा जाम लग गया। तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को सुचारू कराया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि जांच में सामने आया है कि आर्टिगा कार चालक को झपकी लग गई थी। फिलहाल कोई तहरीर नहीं आई है तहरीर आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।