गंगा एक्सप्रेसवे : सर्किल रेट के चार गुना पर मिलेगा मुआवजा
मेरठ। मेरठ से प्रयागराज तक बनाए जाने वाले गंगा एक्सप्रेसवे के लिए जमीनों को लेने के लिए रेट तय कर दिए गए हैं। एडीएम वित्त ने सर्किल रेट से चार गुना जमीनों के रेट तय कर कमिश्नर अनीता सी. मेश्राम को भेज दिए हैं। कमिश्नर से अनुमोदन मिलने के बाद शासन को रेट भेज दिए जाएंगे। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मेरठ में 9 गांवों की जमीन पर गंगा एक्सप्रेसवे का एलाइनमेंट आ रहा है।
सरकार इस एक्सप्रेसवे को लेकर तेजी से कार्य कर रही है। हाल ही में हुई लखनऊ में बैठक में एक्सप्रेसवे के लिए 2900 करोड़ का ऋण हुडको से लिया जाएगा। इसके बाद जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए कई किसानों ने जमीन अधिग्रहण मामलों में आपत्तियां भी भेजी थीं, जिनका निस्तारण एसडीएम सदर संदीप भागिया कर रहे हैं। जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसके निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए भी यूपीडा की तरफ से टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। प्रदेश सरकार वर्ष-2022 के विधानसभा चुनावों से पहले इसका शिलान्यास करना चाहती है। इसी को देखते हुए तेजी से प्रक्रिया की जा रही है।
ये हैं जिले के 9 गांव : भगवानपुर, धनौटा, बिजौली, गोविंदपुर, खड़खड़ी, बधौली, अतराड़ा, अटोला, शाफियाबाद लौटी।