मेरठ। कैंट डाकघर परिसर स्थित पासपोर्ट जनसेवा केंद्र में चार नए काउंटर बढ़ाने की कवायद तेज हो गई है। इनके खुलने के बाद यहां काउंटरों की संख्या बढ़कर छह हो जाएगाी। स्टाफ भी बढ़ेगा और पासपोर्ट बनवाने के लिए एप्वाइंटमेंट भी जल्दी मिलेगा।
कैंट परिसर स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र से कई जिले जुड़े हैं, लेकिन अभी तक यहां सुविधाएं काफी कम है। यहां केवल दो काउंटर हैं। इसलिए पासपोर्ट के लिए आवेदन करने वालों को काउंसिलिंग के लिए एप्वाइंटमेंट की तरीख भी 15 दिन बाद की मिलती है। लोगों की परेशानी को देखते हुए केंद्र में काउंटर की संख्या बढ़ाकर चार करने की योजना पर काम तेज हुआ है। सीनियर पोस्टमास्टर आरसी राना ने बताया कि इसके लिए उच्चाधिकारियों से पत्राचार किया गया है।
केंद्र में कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने और आधुनिक सिस्टम लगाने की बात हो रही है। पासपोर्ट से जुड़ी सुविधाओं के विस्तार के लिए आवश्यक निरीक्षण प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इससे नए काउंटरों के खुलने से पासपोर्ट आवेदकों को तेजी से अपॉइंटमेंट मिलेगा। लंबी कतारों और वेटिंग से राहत मिलेगी। इससे दैनिक प्रोसेसिंग क्षमता बढ़ेगी। एप्वाइंटमेंट डेट भी एक सप्ताह तक रह जाएगी। जिससे पासपोर्ट काउंसिलिंग तेज होगी। अभी तक केंद्र पर प्रतिदिन 100 आवेदकों की काउंसिलिंग होती है। स्टाफ और संसाधन बढ़ने के बाद यह 200 तक हो सकती है। फिलहाल डाकघर में 24 घंटे सात दिन पार्सल सेवा के लिए खिड़की उपलब्ध है। डाक विभाग जल्द ही वरिष्ठ नागरिकों के लिए घर बैठे आधार अपडेट और सुविधा सेवा शुरू करने जा रहा है। रजिस्ट्री करने का समय दो घंटे बढ़ाकर शाम पांच बजे तक कर दिया गया।