ट्रेन में लूट करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के चार बदमाश गिरफ्तार
बड़ौत (बागपत)। जीआरपी थाना पुलिस ने रविवार को चलती ट्रेन में लूट करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना सहित चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से लूटा गया कैश, पांच एंड्राइड मोबाइल, लोहे की रॉड व कुछ महत्वपूर्ण कागजात बरामद हुए है। पकड़े गए सभी आरोपी हरियाणा राज्य के सोनीपत जनपद के रहने वाले है। सरगना मूलरूप से बागपत के हिलवाड़ी का रहने वाल है लेकिन वर्तमान में सोनीपत रहता है। जीआरपी ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
इंस्पेक्टर जीआरपी चतुर सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी हिमांशु दहिया पुत्र ओमवीर निवासी सोनीपत, हसीन अली उर्फ सोनू पुत्र गरीबशाह निवासी खेवड़ा कॉलोनी, गांव खेड़ा, थाना राई, आशीष उर्फ आशू पुत्र नरेश व दीपक पुत्र मोतीलाल निवासीगण अकबरपुर वरौटा थाना कुंडली है। हिमांशु दहिया गिरोह का सरगना है और वह मूल रूप से बागपत के हिलवाड़ी का रहने वाला है। यह गिरोह दिल्ली-सहारनपुर सहित अन्य रूटों पर चलने वाली ट्रेनों में यात्रियों से लूट करते थे। इनके पास से लूटे गए 4500 रुपये नगद, पांच एंड्रायड मोबाइल, कुछ महत्वपूर्ण कागजात सहित एक लोहे की रॉड भी बरामद हुई है। इनके खिलाफ सोनीपत जनपद के थाना राई, जीआरपी सोनीपत, थाना सिविल लाइन में भी लूटपाट सहित अन्य अपराध के कई मुकदमे दर्ज है।
अकेले यात्री को बनाते थे अपना शिकार
जीआरपी इंस्पेक्टर चतुर सिंह ने बताया कि चारों एक ट्रेन में चढ़ जाते थे और डिब्बे में अकेले बैठे यात्री को अपना निशाना बनाते थे। दो बदमाश ट्रेन खिड़की के पास खड़े हो जाते थे और निगरानी शुरू कर देते थे। बाकी दो यात्री का सामान लूट लेते थे। यात्री अगर विरोध करता था तो उस पर लोहे की रॉड से हमला कर देते थे।
एक सप्ताह पहले ही की थी लूटपाट
इंस्पेक्टर चतुर सिंह ने बताया कि जनपद गोंडा के थाना मनकापुर के बंजरिया निवासी सोहन लाल वर्मा 12 जून को उदयपुर सिटी एक्सप्रेस के दिव्यांग कोच में ऋषिकेश से दिल्ली तक सफर कर रहे थे। बड़ौत रेलवे स्टेशन क्षेत्र के नजदीक चारों ने सोते वक्त उनका सामान लूट लिया। सोहन लाल वर्मा की आंख खुल गई और उन्होंने एक बदमाश को पकड़ लिया। तभी दूसरे बदमाश ने लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया। इससे सोहन लाल वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए और बदमाश उनके पास से 10 हजार रुपये कैश, उनके महत्वपूर्ण कागजात व मोबाइल लूट लिया। बड़ौत स्टेशन के नजदीक ट्रेन की गति धीमी होने पर चारों कूद कर फरार हो गए। घायल सोहन लाल दिल्ली स्टेशन पहुंचे और पुरानी दिल्ली जीआरपी को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया। बाद में बड़ौत जीआरपी को मामला ट्रांसफर कर दिया गया।
24 घंटे में किया खुलासा
इंस्पेक्टर चतुर सिंह ने बताया कि यह मामला उनके थाने में शनिवार को आया था। जीआरपी मुरादाबाद एसपी अपर्णा गुप्ता के आदेश पर जीआरपी बड़ौत ने मामले में विवेचना शुरू की थी। इसके बाद बड़ौत, शामली और मुरादाबाद की टीमें गठित करते हुए आरोपियों की तलाश की गई। टीमों ने 24 घंटे के भीतर ही आरोपियों को ढूंढ निकाला।
बदमाशों को पकड़ने वाली टीम
जीआरपी इंस्पेक्टर बड़ौत चतुर सिंह, जीआरपी शामली इंस्पेक्टर अनिल कुमार वर्मा, उप निरीक्षक नीरज कुमार त्यागी, हेड कांस्टेबल दिनकर चौहान व सुरेश चंद, सर्विलांस टीम मुरादाबाद, कांस्टेबल इमरान व गोविंद्र सिंह सर्विलांस टीम मुरादाबाद, शिवओम भाटी, अनिल कुमार, जितेंद्र कुमार जीआरपी बड़ौत और हाकिम सिंह, दीपक कुमार जीआरपी शामली शामिल है।