मेरठ। लिसाड़ी गेट के कपड़ा व्यापारी अरुण से 15 लाख की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने सोमवार को चार आरोपी मोहम्मद अतीक, शमीना, आफताब और अमरीन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस को आरोपियों के पास से 35 हजार रुपये, एक चेन और रंगदारी मांगने के लिए इस्तेमाल किए गए चार मोबाइल फोन बरामद किए।
प्रह्लादनगर निवासी अरुण कुमार ने रविवार को थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि चार दिन पूर्व उनके मोबाइल पर अमरीन नाम की महिला की कॉल आई थी। कुछ देर बाद अमरीन ने कपड़ा व्यापारी से वीडियो कॉल पर बात की थी। इसके बाद 13 दिसंबर को उसने अरुण को फोन करके घर बुलाया था। अरुण अमरीन से मिलने के लिए उसके लिसाडीगेट स्थित घर पहुंचा था। आरोप है कि अमरीन, उसकी मां शमीम, चाचा अतीक और आफताब ने जबरन घर में कैद कर लिया था।
उन्होंने अरुण से 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। उसके गले से सोने की चेन लेने के साथ ही दो बार में 1.07 लाख रुपये रंगदारी के नाम पर लिए थे। पुलिस ने अरुण की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दी थी। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।