सरधना। भारतीय किसान मजदूर संगठन के संस्थापक अंकित भारद्वाज पुलिस ने हिरासत में लिया। स्वयं
सरधना। भारतीय किसान मजदूर संगठन के संस्थापक अंकित भारद्वाज निवासी खेड़ा को बरेली में प्रस्तावित कार्यक्रम में भाग लेने से पूर्व पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वह अपने समर्थकों व संगठन के पदाधिकारियों संग बरेली जाकर लव महादेव के समर्थन में बैनर लगाने जा रहे थे।
बरेली में हाल ही में लव मोहम्मद लिखे बैनर को लेकर सांप्रदायिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। उसी के विरोध में भारतीय किसान मजदूर संगठन लव महादेव नाम के पोस्टर लगाकर अपनी प्रतिक्रिया देना चाहता था। इसकी सूचना प्रशासन को मिली तो पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंकित भारद्वाज को उनके गांव खेड़ा स्थित आवास से हिरासत में ले लिया। इसके बाद संगठन कार्यकर्ता अंकित भारद्वाज के आवास पर एकत्र हो गए, जिससे मौके पर तनावपूर्ण माहौल बन गया। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस अंकित को सलावा पुलिस चौकी ले गई और उच्च अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया। तत्पश्चात उन्हें सरधना कोतवाली लाया गया।
थाना प्रभारी व सीओ से बातचीत के बाद शाम के समय रिहा कर दिया। संगठन ने प्रशासन की इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया है। संगठन का कहना है कि वह शांतिपूर्वक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराने जा रहे थे, लेकिन प्रशासन ने उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार का कहना है कि सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए यह एहतियाती कदम उठाया गया था।