दो दिन में तैयार होगा मंच
अभी मंच के ऊपर या पूरे पंडाल को कवर किया जाना है, इस पर सहमति नहीं बन सकी है। प्रधानमंत्री कार्यालय से आदेश होने के बाद ही कार्यक्रम स्थल को अंतिम रुप दिया जाएगा ताकि प्रधानमंत्री की सुरक्षा में किसी भी तरह की कोई चूक न हो सके। संभावना है कि मंच दो दिन में तैयार हो जाएगा।
गदगद हुए खिलाड़ी
सरधना के सलावा व कैली गांव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो जनवरी को मेजर ध्यानचंद खेल विवि का शिलान्यास करेंगे। शिलान्यास से पहले खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों में उत्साह का माहौल है। खिलाड़ियों ने कहा कि खेल विवि पउप्र सहित प्रदेश की उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए खेलों का मक्का साबित होगा।
विवि ओलंपियन बनें कुलपति
खिलाड़ियों को फायदा मिलेगा। सरकार को सकारात्मकता से कार्य करना होगा। राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को रोजगार मिलेगा। दिल्ली खेल विवि की तरह ओलंपियन कुलपति बनें तो बेहद अच्छा होगा। - अलका तोमर, कॉमनवेल्थ पदक विजेता व अर्जुन अवार्डी कुश्ती खिलाड़ी
पीएचडी करने में होती है परेशानी
प्रदूषणमुक्त माहौल मिलेगा। इंजरी सेंटर, लैब, रिसर्च सेंटर का लाभ मिलेगा। पीएचडी करने के लिए बहुत परेशानी का सामना करना पड़ता है। यह कहना गलत नहीं होगा कि विवि खेलों के साथ खेल शिक्षा से पउप्र खेलों का मक्का साबित होगा। - गौरव त्यागी, एथलेटिक कोच
पउप्र के लिए बड़ा दिन होगा
आशा है कि पैरा वालों को सामान्य नीति के तहत बराबर जगह मिलेगी। पउप्र सहित पूरे प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए शिलान्यास वाला दिन बहुत बड़ा दिन होगा। ओलंपियन खिलाड़ी ही कुलपति बने तो अच्छा होगा। - सचिन चौधरी, पैरा पावरलिफ्टर व पैरालंपियन
विवि में सिंथेटिक ट्रैक मिलेगा
विवि निर्माण से बहुत सारे लाभ मिलने वाले हैं। जिसमें एथलीटों को सिंथेटिक ट्रैक बनना सबसे महत्वपूर्ण होगा। इसके अलावा सभी खेलों के खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय शिक्षा व खेल प्रशिक्षण मिलेगा। - रुपल चौधरी, राष्ट्रीय एथलीट
खेल विवि का बेसब्री से इंतजार
खेल विवि के लिए मध्यप्रदेश या अन्य राज्यों के बारे में ही सुना है। पउप्र में बेशुमार खेल प्रतिभा होने के बावजूद कुछ खास मिला नहीं था। लेकिन खेल विवि के शिलान्यास की खबर सुनकर अच्छा लग रहा है। दो जनवरी का बेसब्री से इंतजार है। - दानिश चौहान, राष्ट्रीय तीरंदाज