संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। कस्बे के लश्करगंज स्थित राणा टेलीकॉम के संचालक परवेज राणा ने अपने पूर्व कर्मचारी के खिलाफ धोखाधड़ी, चोरी कर और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।
तहरीर में आरोपी कर्मचारी दुकान पर मोबाइल बिक्री, फाइनेंस कराने और ग्राहकों से किस्तें जमा कराने का काम करता था। आरोप है कि उसने कई बार ग्राहकों से किस्त की रकम लेने के बावजूद न तो कंपनी में जमा की और न ही दुकान स्वामी को सौंपी। मामला उस समय खुला जब ग्राहकों ने शिकायत करते हुए हंगामा किया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने फर्जी आधार कार्ड के जरिए मोबाइल फाइनेंस कराकर रकम हड़प ली।
इसके अलावा, उस पर दुकान से मोबाइल निकालकर अन्य स्थानों पर बेचने का भी आरोप है, जिससे करीब आठ लाख रुपये का नुकसान बताया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपी और उसके परिजनों ने शुरुआत में नुकसान की भरपाई का आश्वासन दिया और कुछ रकम लौटाई भी लेकिन बाकी धनराशि अब तक नहीं दी गई। आरोप है कि दुकान छोड़ने के बाद भी आरोपी ग्राहकों से अवैध रूप से किस्त और एडवांस वसूल रहा है और विरोध करने पर धमकी दे रहा है। पीड़ित ने पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।