संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। कस्बे के कालंद चुंगी क्षेत्र में शनिवार देर रात एक मकान की छत पर लगे एसी की आउटडोर यूनिट को चोरी करने का प्रयास करते एक युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
कालंद चुंगी निवासी हाजी हसरत अली शनिवार रात करीब 12 बजे अपने घर पर थे। उन्होंने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में एक युवक को छत पर लगे एसी के आउटडोर यूनिट को खोलते देखा। शक होने पर उन्होंने शोर मचा दिया और तुरंत छत की ओर दौड़ पड़े। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शाहिद निवासी किला क्षेत्र बताया। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी को हिरासत में थाने ले आई। पकड़ने के दौरान कुछ लोगों ने आरोपी के साथ मारपीट भी की। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।