प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवक सुबह निकले थे दौड़ लगाने
गंगानगर। मवाना रोड पर रविवार सुबह एक बेकाबू ट्रक ने दौड़ लगा रहे पांच युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक युवक की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। अन्य चार युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, बहचौला निवासी मनीष कुमार (19) पुत्र खेमचंद मेरठ कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रहा था। रविवार सुबह करीब पांच बजे वह अपने चार साथियों के साथ मवाना रोड पर दौड़ लगाने गया था। सलारपुर गांव के पास मवाना की ओर से आ रहे एक ट्रक चालक ने युवकों को टक्कर मार दी। मनीष पहिए की नीचे आ गया, जबकि अनुज पाल, अवनीश व अन्य दो युवक सड़क किनारे जा गिरे। साथियों ने घायल मनीष को सूर्या अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची गंगानगर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने अज्ञात वाहन के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस वाहन को तलाश रही है। संवाद