पांच चीनी मिलों ने किसानों को पर्चियां जारी की
रोहटा। सहकारी गन्ना विकास समिति मलियाना के अंतर्गत पांच चीनी मिलों ने शुक्रवार को अपने पेराई सत्र के संचालन के लिए किसानों को पर्चियां जारी कर दी हैं। जिसके चलते बजाज शुगर मिल किनौनी में आगामी 31 अक्तूबर को पेराई सत्र का शुभारंभ किया जाएगा।
सहकारी गन्ना विकास समिति मलियाना ने बकाया गन्ना भुगतान के मुद्दे को दबाने के लिए पांच चीनी मिलों को नियत तिथि पर चलाने के लिए शुक्रवार को इंडेंट जारी कर दिया। मलियाना गन्ना समिति ने बजाज शुगर मिल किनौनी का 31 अकटूबर, दौराला शुगर मिल 4 नवंबर, टिकौला शुगर मिल का 30 अक्तूबर, सिंभावली शुगर मिल का 4 नंवबर, नंगलामल चीनी मिल का 2 नंवबर को चलाने के लिए गन्ना विभाग ने इंडेंट जारी कर दिया है। वहीं, सतवाई में प्रभारी मंत्री श्रीकांत शर्मा की समीक्षा बैठक में बजाज शुगर मिल द्वारा गन्ना भुगतान न दिए जाने का मुद्दा फिर भी उछला। लेकिन गन्ना भुगतान के मुद्दे पर प्रभारी मंत्री कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। उन्होंने भुगतान दिलाने का आश्वासन देकर अपना पल्ला झाड़ लिया। मलियाना गन्ना समिति के वरिष्ठ लिपिक पर्ची इंचार्ज नवीन सांगवान ने बताया कि उक्त सभी चीनी मिलों ने जो इंडेंट की मांग की थी, उसके अनुसार नियत तिथियों का इंडेंट समिति ने शुक्रवार को जारी कर दिया है। शनिवार तक सभी किसानों के पास पर्चियां पहुंच जाएंगी।
गन्ना विभाग की किसान के मोबाइल पर एसएमएस से सूचना की योजना इंडेंट जारी होने के साथ पहले ही दिन फेल दिखी। शुक्रवार शाम तक भी किसी किसान के मोबाइल पर पर्ची जारी होने का एसएमएस नहीं पहुंचा।