स्कूल की बस पलटने से कई बच्चे चोटिल हो गए
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरनगर जनपद में मंगलवार सुबह एक हादसा हो गया। ककरौली थाना क्षेत्र में एक स्कूल बस कुत्ते को बचाने के चक्कर में पलट गई। इस दौरान बस में चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस और राहगीरों ने किसी तरह बच्चों को बस से बाहर निकाला। हादसे में बस में सवार पांच बच्चों को मामूली चोटें आईं हैं। वहीं पुलिस ने बच्चों को उपचार दिलाने के बाद सकुशल उनके घर पहुंचाया। इस हादसे से बच्चे काफी डरे और सहमे हुए हैं।
ककरौली थाना क्षेत्र के कई गांवों के बच्चे मंगलवार सुबह बस में सवार होकर जानसठ क्षेत्र में स्थित स्कूल के लिए आ रहे थे। इसी दौरान बस जैसे ही गांव जड़वड़ कटिया के पास पहुंची तो अचानक बस के सामने एक कुत्ता आ गया। कुत्ते को बचाने के चक्कर में चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और बस पलट गई। हालांकि बस की गति कम होने के कारण बच्चों को ज्यादा चोटें नहीं आईं।
उधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चोटिल बच्चों को उपचार दिलाया। इसके बाद पुलिस ने सभी बच्चों को सकुशल उनके घर पहुंचाया। दिन निकलते ही हुई इस घटना से बच्चों के परिजनों में कोहराम मच गया। अपने बच्चों को सकुशल देखकर उनकी जान में जान आई।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/