मवाना (मेरठ)। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों का फर्जी बीमा कर रकम हड़पने के मामले में फरार चल रहे पांच आरोपियों को मवाना थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर किया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया।
सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि एक गिरोह द्वारा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों का जालसाजी कर बीमा किया जा रहा था। जब पुलिस को इसकी सूचना मिली तो तुरंत कार्रवाई की गई। इस मामले की जांच में पुलिस की एक टीम लगाई गई। इसमें कुछ आरोपियों के नाम प्रकाश में आने पर मवाना थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। इस मामले में आरोपी शिवकुमार निवासी मटौरा, हितेश कालरा निवासी उदय पार्क पल्लवपुरम, जतिन राजवंशी निवासी अजंता कॉलोनी मेरठ, देवेंद्र सोनी निवासी गांधी डेयरी काॅलोनी हिसार हरियाणा, हिमांश छाबड़ा निवासी न्यू शांति नगर नियर शिवाजी पार्क एचटीएम हिसार हरियाणा को फर्जी बीमा तैयार करने के मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी विशेष रूप से ऐसे दुर्घटनाग्रस्त वाहन का बीमा करते थे, जिसका पहले से कोई बीमा नहीं होता था। ऐसे वाहनों का बैक डेट में फर्जी बीमा तैयार करने के आरोप में इन्हें गिरफ्तार किया गया है।
इनके कब्जे से पुलिस ने फर्जी बीमा तैयार करने में प्रयुक्त एक लैपटाप, सात बीमा कंपनी की फर्जी मोहर, पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सीओ ने बताया कि इस गिरोह के अन्य साथियों का भी पता लगाया जा रहा है और उनकी गतिविधियां कहां पर संचालित थी इस पर भी पुलिस टीम जांच कर रही है।